विकसित भारत की दिशा में बड़ा कदम है केंद्रीय बजट : विधायक भावना बोहरा

कवर्धा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए बजट 2026-27 का पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट विकसित भारत 2047 के विजन को मजबूत करने वाला है और इससे देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
विधायक बोहरा ने कहा कि बजट में किसान, गरीब, महिला, युवा, मध्यम वर्ग और उद्यमियों सहित हर वर्ग की जरूरतों का ध्यान रखा गया है। यह बजट रोजगार सृजन, आत्मनिर्भर भारत और समावेशी विकास को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने इसे विश्वास, विकास और भविष्य की मजबूत नींव बताया।
उन्होंने कहा कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए 1.62 लाख करोड़, ग्रामीण विकास के लिए 2.73 लाख करोड़, परिवहन के लिए 5.98 लाख करोड़ और रक्षा क्षेत्र के लिए 5.94 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं शिक्षा के लिए 1.39 लाख करोड़ और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 1.04 लाख करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
भावना बोहरा ने बताया कि कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों की दवाओं पर आयात शुल्क खत्म करने से मरीजों को राहत मिलेगी। तेंदूपत्ता उद्योग से जुड़े लोगों के लिए टीसीएस दर घटाने का निर्णय आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों के लिए लाभकारी साबित होगा। साथ ही मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर, मेडिकल हब, आयुर्वेदिक संस्थान और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि लघु एवं मध्यम उद्योग, महिला स्व-सहायता समूह, हथकरघा, खादी, युवाओं के कौशल विकास और डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शामिल की गई हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
विधायक ने विश्वास जताया कि यह बजट गांव, गरीब, किसान और युवाओं की तस्वीर और तकदीर बदलने में सहायक होगा तथा देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



