कवर्धा विशेष

पंडरिया में बनेगा अत्याधुनिक 250 सीटर नालंदा परिसर, विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक अध्ययन केंद्र

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण अंचलों के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। विधायक के प्रयासों से पंडरिया नगर में 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी निर्माण हेतु 4 करोड़ 41 लाख 49 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह परिसर विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा।

नालंदा परिसर में विद्यार्थियों को आधुनिक पुस्तकालय, डिजिटल अध्ययन संसाधन, वाई-फाई सुविधा, समाचार-पत्र एवं शांत अध्ययन वातावरण जैसी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।

प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर विधायक भावना बोहरा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर केवल एक पुस्तकालय नहीं बल्कि पंडरिया विधानसभा के हजारों युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ा है, जहां अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी संसाधनों की कमी के कारण उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। अब नालंदा परिसर बनने से विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं मिल सकेंगी।

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि युवाओं और बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा संचालित की जा रही है, जिससे एक हजार से अधिक बेटियां लाभान्वित हो रही हैं। साथ ही लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से लगभग 250 विद्यार्थियों को CGPSC, NEET एवं IIT-JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी एवं अधोसंरचना विकास के कार्यों में तेजी आई है। विद्यालय भवन, अतिरिक्त कक्ष, खेल परिसर और शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि नालंदा परिसर में विद्यार्थियों के लिए समृद्ध पुस्तकालय, आधुनिक अध्ययन कक्ष, डिजिटल शिक्षण संसाधन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे युवाओं को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे अपने क्षेत्र में रहकर बेहतर तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकसित पंडरिया और शिक्षित पंडरिया के संकल्प को नई गति प्रदान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading