कवर्धा विशेष

पंडरिया : तीज मिलन समारोह में उमड़ा मातृशक्ति का सैलाब, 8 हजार से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा

विधायक भावना बोहरा के आयोजन में लोकगीत, मेहंदी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कवर्धा। तीजा पर्व के अवसर पर पंडरिया में गुरुवार को तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में विधायक भावना बोहरा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र की 8 हजार से अधिक माताओं-बहनों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा और साज-सज्जा के साथ तीज पर्व का उत्सव मनाया। लोकगीत, तीज की मेहंदी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया। इस दौरान तीज क्वीन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विजेता और उपविजेता को विधायक भावना बोहरा ने सम्मानित किया।

तीज हमारी सांस्कृतिक पहचान : भावना बोहरा

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि तीज हमारी संस्कृति की जीवंत परंपरा है, जिसमें आस्था, पारिवारिक मूल्यों, प्रेम और नारी शक्ति का संगम दिखाई देता है। यह पर्व महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, खुशियां साझा करने और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर देता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं अब केवल परंपराओं की संवाहक नहीं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खेती-किसानी, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक कार्यों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

महिला सशक्तिकरण की योजनाओं का किया उल्लेख

भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सरकार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने आयोजन में शामिल सभी महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि पंडरिया की नारी शक्ति की ऊर्जा और सहभागिता क्षेत्र की बड़ी ताकत है। महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं सहित विधानसभा क्षेत्र की 8 हजार से अधिक महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading