
CCTV फुटेज से मिला सुराग, सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक जब्त
कवर्धा। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में घर और किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल समेत कुल 1 लाख 74 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
मामला ग्राम छोटूपारा का है। पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर की रात किराना कारोबारी रेवाराम साहू घर और दुकान में ताला लगाकर गांव के सांस्कृतिक कार्यक्रम में गए थे। देर रात करीब 1:30 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अंदर दोनों गोदरेज अलमारियों और लॉकर के ताले भी टूटे थे तथा सामान बिखरा पड़ा था।
जांच में सामने आया कि घर से 5 हजार रुपए नकद, सोने के नौ पुराने आभूषण और चांदी के जेवर चोरी हुए थे। दुकान के काउंटर से भी 3 हजार रुपए नकद गायब मिले। पुलिस ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 74 हजार रुपए बताई है।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत पर सहसपुर लोहारा पुलिस ने अपराध दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में दबिश दी गई। यहां से राकेश कुसरे (29), निवासी अकालपुर, थाना मलाजखंड और अमर मरकाम (24), निवासी डोंगरिया, थाना बिरसा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण बरामद किए गए। वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 1 लाख 74 हजार रुपए बताया गया है।
अन्य मामलों में भी संलिप्तता की जांच
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के दो अन्य मामलों में भी उनकी संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अन्य मामलों में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।





