
कवर्धा। पंडरिया के पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में हुई 4 लाख 10 हजार रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने ग्राम घोंठा निवासी नंद राम श्रीवास (37) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर 1 लाख 49 हजार 80 रुपए नकद, चोरी के पैसों से खरीदे गए चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व लोहे का सब्बल सहित कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
चोरी 14 और 15 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात कुकदूर तिराहा, पंडरिया के पास स्थित कृषि केंद्र में हुई थी। दुकान संचालक अमरीक सिंह सलूजा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति सेंधमारी कर काउंटर की दराज में रखे 4 लाख 10 हजार रुपए ले गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर नंद राम श्रीवास तक पहुंची। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर चोरी से जुड़ी सामग्री बरामद की गई।
नकदी और चांदी के आभूषण जब्त
आरोपी के पास से चोरी की बची हुई नकदी 1 लाख 49 हजार 80 रुपए और चोरी के पैसों से खरीदे गए चांदी के एक जोड़ी लच्छे जब्त किए गए। इनकी कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया। इनकी अनुमानित कीमत क्रमशः 15 हजार, 5 हजार और 1 हजार रुपए है। इस तरह कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपए की संपत्ति जब्त की गई। वारदात के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में
पुलिस ने नंद राम श्रीवास को 22 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। उसके खिलाफ पहले भी बैजलपुर पुलिस चौकी में चोरी का मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। कार्रवाई में पंडरिया पुलिस और साइबर टीम की भूमिका रही। मामले में आगे की जांच जारी है।





