कवर्धा विशेष

पंडरिया में रेंगाबोड़ (कुंडा) व्यपवर्तन योजना को 63.80 करोड़ की मंजूरी, हजारों किसानों को मिलेगा लाभ


विधायक भावना बोहरा ने किसानों को बड़ी सौगात दी, 8 गांव के हजारों किसान होंगे लाभान्वित

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए बहुप्रतीक्षित रेंगाबोड़ (कुंडा) व्यपवर्तन योजना को 63.80 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली है। यह योजना ग्राम बनियाकुबा, रेंगाबोड़ (कुंडा), ओड़ाडबरी, लोखान, सेन्हाभाटा, दुल्लापुर, बर्घरा और भुवालपुर सहित आस-पास के गांवों के हजारों किसानों के लिए जीवनरेखा साबित होगी।

परियोजना के पूर्ण होने पर लगभग 1620 हेक्टेयर खरीफ क्षेत्र में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। इससे किसान केवल मानसून पर निर्भर नहीं रहेंगे और कृषि उत्पादन व आय में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्र सरकार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल सिंचाई सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि किसान सशक्तिकरण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और पंडरिया विधानसभा के समग्र विकास की दिशा में निर्णायक कदम है।

विधायक ने बताया कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से पंडरिया विधानसभा में अनेक विकास परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इनमें बकेला हाफ नदी व्यपवर्तन, रमतला और क्रांति जलाशय के नहरों का रिमॉडलिंग, सुतियापाट जलाशय की मुख्य नहर का विस्तार, महीडबरा जलाशय कार्य और आगर नदी पर एनीकट निर्माण शामिल हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य, गांवों की खुशहाली और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति की मजबूत नींव है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जल संचय क्षमता बढ़ेगी, बारहमासी जल स्रोतों से सिंचाई सुनिश्चित होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

विधायक ने अंत में कहा कि रेंगाबोड़ (कुंडा) व्यपवर्तन योजना सहित सभी परियोजनाएं पंडरिया विधानसभा को कृषि क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगी और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेंगी।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading