उपभोक्ता जागरूक भारत यात्रा रायपुर पहुँची, अधिकारों की जानकारी देने 17 हजार किमी का सफर

रायपुर। उपभोक्ता अधिकारों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली जा रही उपभोक्ता जागरूक भारत यात्रा अपने 42वें दिन राजधानी रायपुर पहुँची। सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन के तत्वावधान में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया तथा उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों, महिला स्व-सहायता समूहों, उपभोक्ता संगठनों एवं नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कंज़्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. अनन्त शर्मा ने कहा कि उपभोक्ता तभी सशक्त बन सकता है, जब उसे अपने अधिकारों और कानूनों की पूरी जानकारी हो। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जागरूकता ही सबसे बड़ा संरक्षण है और यह यात्रा देश के कोने-कोने तक उपभोक्ता हितों की आवाज़ पहुंचा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के निदेशक सुमन कुमार गुप्ता ने कहा कि मानकीकरण और गुणवत्ता नियंत्रण उपभोक्ता सुरक्षा की आधारशिला है। BIS द्वारा तय मानकों से उपभोक्ताओं को सुरक्षित और भरोसेमंद उत्पाद उपलब्ध हो पाते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से ISI और प्रमाणित उत्पादों का उपयोग करने की अपील की।
राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के रजिस्ट्रार श्रीनिवास तिवारी ने उपभोक्ता फोरम की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और त्वरित न्याय व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी। वहीं जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष डी.पी. शर्मा ने लोगों से अपने अधिकारों के लिए सजग रहने और शिकायत दर्ज कराने में हिचकिचाहट न रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए राज्य उपभोक्ता संरक्षण परिषद के सदस्य डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि यह यात्रा भारत मंडपम, नई दिल्ली से केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी एवं केंद्रीय सचिव निधि खरे द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई थी। यात्रा देश के 28 राज्यों में लगभग 17 हजार किलोमीटर का सफर तय कर 15 मार्च 2026 को पुनः नई दिल्ली पहुंचेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन के राजेश पांडे, मीनाक्षी गौतम, देवेंद्र चंद्रवंशी, शैलेश सरनायक, हरिशंकर बांसवार, पूजा सिन्हा, श्यामा मानिकपुरी, अंशु सेन, बबिता शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
यात्रा में देशभर से आए प्रतिनिधियों कैलाश कुमावत, संजय खंडेलवाल, रेखा खंडेलवाल, अजय सक्सेना ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उपभोक्ता हितों की रक्षा और जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।



