कवर्धा विशेष

पांडातराई मोड़ पर फिर हादसा, हाफ नदी में गिरी इनोवा; जबलपुर से कोरबा जा रहा दंपती घायल

कवर्धा। कबीरधाम जिले के पांडातराई मोड़ स्थित हाफ नदी के पास रविवार रात एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से कोरबा जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर हाफ नदी में गिरकर पलट गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांडातराई मोड़ पर तेज मोड़, अंधेरा और बारिश के कारण वाहन चालक सड़क की दिशा का सही अनुमान नहीं लगा सके। इससे कार सीधे नदी में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बारिश के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

यह वही स्थान है, जहां करीब दो माह पहले भी एक कार हाफ नदी में गिर गई थी। उस हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन पुल और सड़क का काम लंबे समय से अधूरा है। मौके पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण बाहर से आने वाले वाहन चालक अक्सर भ्रमित हो जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading