ताले तोड़कर किराना व लोक सेवा केंद्र में चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के पोलमी बाजार में सोमवार देर रात एक किराना एवं लोक सेवा केंद्र में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान के दो ताले तोड़कर अंदर घुसा और नकदी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित दुकानदार स्वागत राम शिव ने कुकदूर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, चोर दुकान से करीब 50 हजार से एक लाख रुपये नकद, एक मॉनिटर, मोबाइल एक्सेसरीज और अन्य स्टेशनरी सामान चोरी कर ले गया। प्रारंभिक फुटेज में आरोपी स्पष्ट दिखाई दे रहा है, लेकिन कुछ देर बाद उसने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया, जिससे आगे की गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकीं।
पीड़ित ने यह भी बताया कि चोर ने पास की एक अन्य दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया, हालांकि वहां चोरी नहीं हो सकी।
घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश की जा रही है।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।



