राहुल गांधी का पुतला फूंका, बोले सांसद संतोष पांडे – “गालियां देना ही कांग्रेस का इतिहास”

कवर्धा। बिहार में कांग्रेस की चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मंगलवार को कवर्धा के सिग्नल चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस मौके पर सांसद संतोष पांडे भी मौजूद रहे।
सांसद पांडे ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा अभद्र और हल्की भाषा का इस्तेमाल करना उनकी पार्टी के पतन का कारण है। उन्होंने कहा, “देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। कांग्रेस का इतिहास गालियों और अपशब्दों से भरा पड़ा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी ‘मोदी मर जा तू’, ‘मौत का सौदागर’ और ‘जितने मोदी हैं सब चोर हैं’ जैसे नारे लगाकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करती रही है। पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते कांग्रेस नेताओं ने उनकी दिवंगत माता तक का अपमान किया, जो अस्वीकार्य है।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी का पुतला जलाकर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। सांसद पांडे ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में रणनीति बनाकर ऐसे विरोध प्रदर्शन और भी तेज किए जाएंगे।
क्या है मामला?
दरअसल, बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से एक नेता द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। मंच का आयोजन कांग्रेस और आरजेडी नेताओं के स्वागत के लिए किया गया था। आरोप है कि इस दौरान मो. नौशाद नामक स्थानीय नेता ने विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और विरोध की लहर पूरे प्रदेश में दिखाई देने लगी।



