64 आदिवासी परिवारों की घर वापसी, विधायक भावना बोहरा ने चरण पखार कर किया स्वागत

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा के वनांचल ग्राम दमगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव सम्मेलन के दौरान 64 आदिवासी परिवारों के लोगों ने अपने मूल धर्म में घर वापसी की। कार्यक्रम में पहुंचीं विधायक भावना बोहरा ने पारंपरिक रीति से उनके पैर पखारकर स्वागत किया और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विधायक निधि से वनांचल क्षेत्र के लिए दो बाइक एम्बुलेंस सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इन एम्बुलेंस के माध्यम से छीरपानी, कुई-कुकदुर समेत आसपास के दूरस्थ और दुर्गम गांवों में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि जरूरतमंदों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।

आयोजकों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार जनसुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों से प्रेरित होकर आदिवासी परिवारों ने यह निर्णय लिया। इससे पहले भी नेऊर क्षेत्र में 115 और कुई-कुकदुर क्षेत्र में 70 लोगों की घर वापसी का कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आदिवासी समाज अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और प्रकृति-पूजा की विरासत से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को देखते हुए बाइक एम्बुलेंस शुरू की गई है, जिससे गर्भवती महिलाओं, बीमारों और दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता मिल सकेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की योजनाओं के माध्यम से वनांचल क्षेत्रों में सड़क, आवास, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



