कबीरधाम पुलिस ने पकड़ा 2 क्विंटल से अधिक गांजा, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कवर्धा। चिल्फी थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आईशर ट्रक से 2 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए तथा वाहन की कीमत 20 लाख रुपए आँकी गई है। इस प्रकार कुल 70 लाख रुपए की जप्ती की गई।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर ट्रक क्रमांक PB 02 EJ 3009 को रोका गया। जांच के दौरान उसमें एक विशेष रूप से तैयार गुप्त चैंबर मिला, जिसमें गांजा छिपाकर रखा गया था। गांजे की यह खेप उड़ीसा से दिल्ली ले जाई जा रही थी।
ट्रक में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान ईश्वर सिंह (48 वर्ष), निवासी झज्जर, हरियाणा और रामु सिंह परमार (32 वर्ष), निवासी धौलपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर, एएसआई दर्शन साहू और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अब तक गांजा तस्करी के 14 मामलों में 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर सवा करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का गांजा और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं को नशे से बचाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले एक वर्ष में कबीरधाम जिले में 1000 किलो से अधिक गांजा पकड़ा जा चुका है। साथ ही यहां पकड़े गए 17 वाहनों को नीलाम कर शासन के खजाने में राशि जमा कराई गई है।



