शिक्षा व्यवस्था की पोल – शिक्षक की कमी से बच्चों का हंगामा, गेट पर ताला और सड़क पर जाम

कवर्धा। प्रदेश सरकार शिक्षा सुधार के दावे कर रही है, लेकिन कबीरधाम जिले में हालात इसके बिल्कुल उलट नजर आ रहे हैं। जिले में पंडरिया और कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के दो स्कूलों में बच्चों ने पढ़ाई ठप होने और शिक्षक की कमी को लेकर विरोध जताया।
पंडरिया के ग्राम झलमला हायर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों ने गेट पर ताला जड़ दिया। उनका कहना था कि लंबे समय से शिक्षक नहीं हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर, कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के पिपरिया नगर पंचायत स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के छात्र भी सड़क पर उतर आए। बच्चों ने बिरकोना–मरका रोड पर घंटों तक जाम लगाया।
छात्रों का आरोप है कि स्कूल में पढ़ाई के बजाय उनसे सफाई करवाई जाती है। यहां तक कि उन्हें बाथरूम भी खुद साफ करना पड़ता है। सुविधाओं का अभाव और शिक्षक न होने की वजह से उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। कवर्धा के नायाब तहसीलदार और थाना प्रभारी ने समझाइश देकर बच्चों को शांत कराया और कक्षाओं में बैठाया। वहीं, कांग्रेस नेता तुकाराम चंद्रवंशी ने स्कूल पहुंचकर बच्चों की बात सुनी और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

बच्चों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे। यह घटनाएं स्पष्ट करती हैं कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के दावे कागजों तक ही सीमित हैं और जमीन पर तस्वीर बिल्कुल अलग है।



