“शादी का सपना, सलाखों का सफर” : नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, साइबर ट्रैकिंग से बिलासपुर में खुला राज

कवर्धा। प्यार, भरोसा और शादी के वादे… लेकिन मंजिल निकली जेल की सलाखें। कबीरधाम जिले में नाबालिग बालिका को विवाह का झांसा देकर कथित रूप से अपहरण करने का मामला सामने आया है। पिपरिया पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग की मदद से पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बिलासपुर से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
मामला 5 जुलाई का है, जब पिपरिया थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका अचानक लापता हो गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कोई युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती सुराग बेहद सीमित थे, लेकिन पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की कड़ियां जोड़नी शुरू कर दीं।
जांच की दिशा तब बदली जब साइबर विश्लेषण से नाबालिग की लोकेशन बिलासपुर जिले के थाना कोनी अंतर्गत ग्राम पोसरा में मिली। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए वहां दबिश दी और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पहले विवाह का भरोसा दिलाया और फिर उसे अपने साथ बिलासपुर ले गया। वहीं उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप भी सामने आया। पीड़िता के बयान और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 भी जोड़ दी।
पुलिस ने विशाल धोबी (20 वर्ष), निवासी ग्राम पोसरा, थाना कोनी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



