नवपदस्थ कलेक्टर से कुंभकार समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य भेंट

कवर्धा। नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती तूलिका प्रजापति से छत्तीसगढ़ कुंभकार समाज 1322 के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में सौजन्य मुलाकात की। समाज के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक गतिविधियों की जानकारी कलेक्टर को दी। साथ ही समाज की विभिन्न पहलों, जनहित के कार्यों और जिले के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। प्रतिनिधियों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
इस दौरान समाज की ओर से कलेक्टर श्रीमती तूलिका प्रजापति को समाज के आराध्य खेड़ापति दादा जी का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह स्मृति चिन्ह उनकी आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है।
कलेक्टर ने समाज के प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन सभी समाजों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाजों की सहभागिता से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा, युवाओं के उत्थान, सामाजिक सद्भाव और पारंपरिक कारीगर समुदायों के संरक्षण एवं प्रोत्साहन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर समाज के जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा प्रकोष्ठ के सदस्य और अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।



