ताश की बाजी पड़ गई भारी! पुलिस की रेड में छह जुआरी धराए, नकदी, मोबाइल और चार बाइक जब्त

कवर्धा। किस्मत के पत्तों पर दांव लगा रहे छह जुआरियों की बाजी उस समय उलट गई, जब कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कुआंमालगी में पुलिस ने अचानक दबिश दे दी। पुलिस को देखते ही जुआ फड़ पर भगदड़ मच गई, लेकिन घेराबंदी कर छह लोगों को मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस कार्रवाई में जुआ फड़ से 52 पत्ती ताश, छह हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल जब्त की गईं। इसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। हाल के दिनों में कई थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमार कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर साफ हो गया कि अब जुआरियों की हर चाल पर पुलिस की नजर बनी हुई है।



