पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने किया 49 लाख से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन, कहा — “ग्रामीण समृद्धि ही सशक्त पंडरिया की पहचान”

कवर्धा। जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार नई सौगातें दी जा रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को विधायक भावना बोहरा ने 49 लाख 52 हजार रुपए की लागत से विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
विधायक बोहरा ने गोरखपुर खुर्द, बनिया, डुमरिया, मजगांव और रणजीतपुर में सीसी रोड, पुलिया, भवन निर्माण और विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण जैसे कार्यों का भूमिपूजन कर ग्रामवासियों को बधाई दी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक बोहरा ने कहा कि “यह सभी विकास कार्य समृद्ध और सशक्त पंडरिया की आधारशिला हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उपेक्षित रहा पंडरिया अब डबल इंजन भाजपा सरकार के सुशासन में निरंतर विकास पथ पर अग्रसर है।”

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं — सड़क, बिजली, पानी — की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। आज हर गली में प्रकाश व्यवस्था से गाँव-गाँव रोशन हो रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अब सीधे जनता तक पहुँच रहा है।
भावना बोहरा ने कहा कि विकास कार्य अब पूर्ण पारदर्शिता के साथ हो रहे हैं। “साधनों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। हमारा उद्देश्य है कि जनता की समस्याओं का समाधान कर उनके जीवन में स्थायी परिवर्तन लाया जाए,” उन्होंने कहा।
विधायक ने आगे कहा कि आज महिला, युवा, किसान और वृद्धजन — सभी वर्गों के सशक्तिकरण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि यह सभी योजनाएं और निर्माण कार्य ग्रामीण विकास के स्तंभ हैं, जो जनता की सुविधा और क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा दे रहे हैं।


