पंडरिया में विकास को नई रफ्तार: 4.86 करोड़ की 3 सड़कों का भूमिपूजन, गांवों को मिलेगा सुगम आवागमन

पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में आवागमन सुविधा को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शुक्रवार को पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 4 करोड़ 86 लाख 26 हजार रुपए की लागत से बनने वाली तीन सड़क निर्माण परियोजनाओं का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सुदृढ़ सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं।

तीन सड़कों का किया गया भूमिपूजन
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने—
- बगदई से कौड़िया मार्ग (लागत ₹1 करोड़ 83 लाख 95 हजार),
- बनिया से कारेसरा मार्ग (लागत ₹1 करोड़ 57 लाख 44 हजार),
- गांगीबहरा से हथलेवा मार्ग (लागत ₹1 करोड़ 44 लाख 87 हजार)
के सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
डबल इंजन सरकार में विकास को मिली रफ्तार
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन भाजपा सरकार बनने के बाद से प्रदेश में विकास और अधोसंरचना निर्माण को नई गति मिली है। पक्की सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली और क्षेत्र की समग्र प्रगति सुनिश्चित करना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार

विधायक ने बताया कि पंडरिया विधानसभा में गांव-गांव तक पक्की सड़क, बिजली और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विगत दो वर्षों में क्षेत्र में विकास के कई नए आयाम स्थापित हुए हैं। शहर से लेकर गांव और वनांचल क्षेत्रों तक अधोसंरचना का विस्तार हो रहा है। साथ ही किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई सिंचाई परियोजनाओं पर भी कार्य प्रारंभ हो चुका है।
400 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाएं प्रगतिरत
भावना बोहरा ने जानकारी दी कि वर्तमान में पंडरिया विधानसभा में 400 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकास, अधोसंरचना और सिंचाई परियोजनाएं चल रही हैं। हाल ही में ग्रामीण आवागमन सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए 16 सड़कों के निर्माण हेतु 1 करोड़ 54 लाख रुपए से अधिक तथा बजट 2024-25 में 3 सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत के लिए 7 करोड़ 43 लाख रुपए से अधिक की स्वीकृति मिली है।
जनता की मांगें हो रहीं पूरी
उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। महिला, युवा, किसान और सभी वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। कांग्रेस शासन में वर्षों तक उपेक्षित रहा पंडरिया विधानसभा अब पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्यों के साथ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
ये रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, जनपद पंचायत अध्यक्ष दुर्गा सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, मंडल महामंत्री धरमपाल कौशिक सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



