राइस मिल से खरीदी केंद्र पहुंचा 50 क्विंटल से अधिक अवैध धान, कार्रवाई की मांग

जेवड़नखुर्द केंद्र का मामला, युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कवर्धा। कबीरधाम जिले में धान खरीदी के दौरान अवैध धान को सरकारी संग्रहण केंद्रों में खपाने का मामला एक बार फिर सामने आया है। जेवड़नखुर्द धान संग्रहण केंद्र में राइस मिल से लाया गया 50 क्विंटल से अधिक धान उतारे जाने का आरोप लगा है। इस मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव आकाश केशरवानी ने कलेक्टर गोपाल वर्मा को ज्ञापन सौंपकर जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन के मुताबिक 4 फरवरी की रात रबेली रोड स्थित माहेश्वरी राइस मिल से ट्रैक्टर में धान लोड किया गया। इसके बाद 5 फरवरी की सुबह ट्रैक्टर और पिकअप वाहन के जरिए 40 से 60 क्विंटल के बीच धान जेवड़नखुर्द संग्रहण केंद्र में उतारा गया। आरोप है कि यह धान अवैध रूप से मिल से लाकर खरीदी केंद्र में खपाया गया, जो नियमों का उल्लंघन है।
युवा कांग्रेस का कहना है कि इस दौरान न तो किसी प्रकार की चेकिंग हुई और न ही निगरानी, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आकाश केशरवानी ने आरोप लगाया कि जिले में धान खरीदी के दौरान बड़े स्तर पर अनियमितताएं हो रही हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी धान खरीदी में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी सामने आई थी, फिर भी जिम्मेदारों पर सख्त कदम नहीं उठाए गए।

उन्होंने इस वर्ष भी बाहरी और अवैध धान के खपाए जाने की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



