महाराष्ट्र सड़क हादसा: एम्स पहुंचकर घायलों से मिले विजय शर्मा, डॉक्टरों से ली इलाज की जानकारी

कवर्धा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के लोगों से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर एम्स में मुलाकात की। मंगलवार देर शाम एम्स पहुंचे शर्मा ने घायलों और उनके परिजनों से बात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
शर्मा ने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी घायलों के उपचार को लेकर चर्चा की। उन्होंने घायलों की वर्तमान स्थिति, चल रहे इलाज और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया की जानकारी ली। बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
पांच साल के लुकेश समेत घायलों से मिले
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्राम बांधाटोला निवासी 5 वर्षीय लुकेश पटेल, 2 वर्षीय डाली पटेल और 26 वर्षीय ललिता पटेल से मुलाकात की। उन्होंने घायलों के परिजनों से भी बात की और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
हादसे के बाद से शर्मा पीड़ित परिवारों के संपर्क में होने की बात कही गई है। अस्पताल में भर्ती घायलों के उपचार और उनकी स्थिति की जानकारी भी लगातार ली जा रही है।
हादसे में दिवंगत लोगों के घर भी पहुंचे थे
हादसे के बाद विजय शर्मा कबीरधाम जिले में दुर्घटना में दिवंगत लोगों के घर पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की थी। इस दौरान घायलों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनके इलाज की जानकारी ली थी।





