प्रेस क्लब भवन के कब्जे का मुद्दा डिप्टी सीएम के सामने उठा, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने रखी मांग

विजय शर्मा बोले- प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए आरक्षित, प्रशासन नियमानुसार करे कार्रवाई
कवर्धा। जिला प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बुधवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर प्रेस क्लब भवन के कब्जे का मुद्दा उठाया। पदाधिकारियों ने उन्हें हाल ही में हुए निर्वाचन की जानकारी दी। इस दौरान शर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
मुलाकात के दौरान नई कार्यकारिणी की ओर से पूर्व अध्यक्ष प्रकाश वर्मा और डीएन योगी पर प्रेस क्लब भवन का कब्जा नहीं छोड़ने का आरोप लगाया गया। पदाधिकारियों ने भवन खाली कराने के साथ चाबी, दस्तावेज और अन्य जरूरी प्रभार नई कार्यकारिणी को सौंपने की मांग रखी।
डिप्टी सीएम बोले- पत्रकारों के लिए ही आरक्षित है भवन
नई कार्यकारिणी की ओर से रखी गई बातों पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जिला प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए आरक्षित है और पत्रकारों के लिए ही रहेगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी संस्था के सदस्य हैं, ऐसे में इस तरह की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश
पदाधिकारियों ने प्रशासन की ओर से पूर्व अध्यक्ष को भवन खाली कर नई कार्यकारिणी को प्रभार सौंपने के लिए दिए गए निर्देश की जानकारी भी उप मुख्यमंत्री को दी। इस पर विजय शर्मा ने कहा कि प्रशासन को पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
तहसीलदार ने दो दिन में कब्जा सौंपने कहा
प्रेस क्लब भवन को लेकर चल रहे विवाद के बीच तहसीलदार कवर्धा की ओर से पूर्व अध्यक्ष प्रकाश वर्मा को दो दिन के भीतर भवन का कब्जा नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को सौंपने का निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
नई कार्यकारिणी के अनुसार पुरानी कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद 6 सितंबर को निर्वाचन कराया गया था। इसके बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। अब नवनिर्वाचित पदाधिकारी भवन का प्रभार, चाबी और संबंधित दस्तावेज सौंपे जाने की मांग कर रहे हैं।
मामले में आगे प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई से ही भवन के कब्जे और प्रभार को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।





