पंडरिया में 21 हजार दीपों से रोशन हुआ जोरा तालाब, भावना बोहरा ने किया ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम

पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी हुए शामिल; सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर भी लगा
कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पंडरिया के जोरा तालाब में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक भावना बोहरा की मौजूदगी में 21 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष और राष्ट्र एवं जनसेवा के प्रति उनके संकल्प के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस दौरान उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
रक्तदान शिविर भी लगाया
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
विधायक बोहरा ने गिनाईं केंद्र की योजनाएं
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा और जनसेवा के संकल्प से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं में गरीब, किसान, महिला और युवाओं को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने पीएम-किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा और जनधन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है।
बोहरा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल जन्मदिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने क्षेत्र और समाज की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।





