कवर्धा विशेषछत्तीसगढ़ प्रादेशिक

वनांचल में मुख्यमंत्री का जनसंवाद: श्रमिकों संग किया भोजन, चौपाल में सुनीं समस्याएं

कवर्धा। सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों लोखान और कमराखोल का दौरा कर सीधे जनता से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जहां श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन किया, वहीं जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम लोखान में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया और निर्माणाधीन पंचायत भवन में श्रमिकों से मुलाकात कर उनके साथ अंगाकर रोटी और बोरे बासी भोजन किया। इसके बाद ग्राम कमराखोल में आयोजित जन चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मांगों के निराकरण के साथ क्षेत्र में महतारी सदन सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार राज्य सरकार की जनकेन्द्रित सोच और पारदर्शी प्रशासन का उदाहरण है, जिसके माध्यम से शासन खुद गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं, लखपति दीदियों और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से भी संवाद किया तथा पीएम आवास के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। वनांचल क्षेत्र में मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री के दौरे को जनसेवा और जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार सीधे जनता तक पहुंचकर समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल रही है।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading