कवर्धा विशेषक्राइम सेल

7 दिन में सुलझी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, दोस्त ने ही पत्थर से की थी हत्या

कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में नायक ढाबा के पास मिले युवक के अंधे हत्याकांड का पुलिस ने सात दिन के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को ग्राम बंजारी स्थित नायक ढाबा के पास एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। जांच के दौरान उसकी पहचान उदय प्रताप सिंह राजपूत (34) निवासी लवकुश नगर, जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और सीने पर किसी ठोस एवं भोथरी वस्तु से गंभीर चोट पहुंचने के कारण हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की और भोरमदेव क्षेत्र व टोल प्लाजा के 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि मृतक आखिरी बार अपने मित्र हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट (45) निवासी घासीदास नगर, जामुल, जिला दुर्ग के साथ मोटरसाइकिल पर देखा गया था।

पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के सामने आने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि 14 जुलाई को वह मृतक को शराब पीने और घूमने के बहाने भोरमदेव-चिल्फी घाटी की ओर ले गया था। रास्ते में मोटरसाइकिल से गिरने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में उसने ग्राम बंजारी स्थित नायक ढाबा के पास पत्थर से मृतक के सिर और सीने पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मौके पर छोड़कर मृतक की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, आरोपी के कपड़े और मृतक की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BM 6475 बरामद कर ली। पुलिस ने घटनास्थल पर आरोपी से घटना का डेमो भी कराया, जिसकी वीडियोग्राफी कराई गई।

22 जुलाई को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के खुलासे में बोड़ला थाना और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से काम करते हुए सात दिनों के भीतर अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading