
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से बड़ी खबर सामने आई है। पंडरिया ब्लॉक के सोनपुर प्राथमिक स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षिका ममता कुमारी साहू को आखिरकार सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
बीमारी का बहाना, लेकिन सर्टिफिकेट निकला फर्जी!
जानकारी के मुताबिक, ममता साहू जून 2019 से लगातार स्कूल नहीं जा रही थीं। बार-बार नोटिस जारी किया गया लेकिन शिक्षिका द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी पंडरिया द्वारा अंतिम बार 28 अप्रैल 2025 को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया। इसके जवाब में शिक्षिका ने 26 मई को मेडिकल सर्टिफिकेट पेश किया और बीमारी का हवाला दिया। किंतु जांच में शिक्षिका द्वारा प्रस्तुत मेडिकल सर्टिफिकेट फर्जी पाया गया और जवाब संतोषजनक नहीं था।
DEO का बड़ा एक्शन

नियमों के मुताबिक तीन साल से ज्यादा समय तक अनाधिकृत अनुपस्थिति पर बर्खास्तगी का प्रावधान है। इसी आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने 20 अगस्त 2025 को आदेश जारी कर ममता साहू को नौकरी से बर्खास्त कर दिया। आदेश के मुताबिक, उनका निष्कासन जून 2022 से प्रभावशील माना जाएगा।
छात्रों की पढ़ाई से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
शिक्षा विभाग ने साफ संदेश दिया है कि—“अनुशासनहीनता और फर्जीवाड़ा अब बर्दाश्त नहीं होगा। छात्रों की पढ़ाई से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।”



