कवर्धा विशेष

दीपावली से पहले गन्ना किसानों को मिली खुशियों की सौगात — 10 करोड़ से अधिक की राशि खातों में हस्तांतरित

कवर्धा। दीपावली पर्व से पहले पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के गन्ना किसानों को बड़ी राहत मिली है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित पंडरिया ने किसानों के खातों में 10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित कर दी है। इस भुगतान से क्षेत्र के करीब 7 हजार से अधिक गन्ना विक्रेता किसानों को लाभ हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देश पर 17 अक्टूबर को गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में ₹5.98 करोड़ जारी किए गए थे। वहीं दीपावली से पूर्व आज ₹8.36 करोड़ का शेष मूल भुगतान तथा ₹1.65 करोड़ की अतिरिक्त रिकवरी राशि भी बैंक को प्रेषित कर दी गई है। शेष रिकवरी राशि का भुगतान भी शीघ्र किया जाएगा।

पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने किसानों को मिली इस सौगात के लिए राज्य शासन के प्रति आभार जताया और सभी किसानों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी और कृषि विभाग के सहयोग से किसानों के हित में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। हमारे अन्नदाताओं की दीपावली खुशियों से भरी हो, यही हमारी कामना है। किसानों की समृद्धि के लिए हमारा प्रयास लगातार जारी रहेगा।”

कारखाना के प्रबंध संचालक यू.के. कौशिक ने बताया कि राज्य शासन से दो दिन पूर्व जारी ₹5.98 करोड़ की प्रोत्साहन राशि के साथ आज जारी मूल भुगतान और अतिरिक्त रिकवरी राशि को मिलाकर दीपावली से पहले किसानों को कुल ₹15.99 करोड़ का भुगतान किया गया है।

उन्होंने बताया कि विधायक भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों और पहल के कारण ही यह भुगतान समय से संभव हो सका। दीपावली से पहले इस राहत भरे भुगतान से किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है और उनके घरों में उत्सव का माहौल है।

क्षेत्र में अब किसान परिवारों के बीच यह चर्चा है कि इस बार की दीपावली उनके लिए “दुगुनी खुशियाँ” लेकर आई है — एक ओर त्यौहार की रौनक और दूसरी ओर वर्षों की मेहनत का उचित मूल्य उनके खातों में पहुँचा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading