दीपावली से पहले गन्ना किसानों के चेहरों पर मुस्कान, पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से 10 करोड़ से अधिक की राशि जारी

कवर्धा। दीपावली से पहले पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए खुशखबरी आई है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया द्वारा किसानों को 10 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। इस भुगतान से करीब सात हजार से अधिक गन्ना विक्रेता किसानों को लाभ मिला है।
राज्य शासन द्वारा 17 अक्टूबर को गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में ₹5.98 करोड़ जारी किए गए थे। इसके बाद दीपावली के पूर्व किसानों को वर्ष 2024-25 का शेष मूल भुगतान ₹8.36 करोड़ और अतिरिक्त रिकवरी राशि ₹1.65 करोड़ भी भुगतान हेतु बैंक को भेजी गई है। इस तरह किसानों को अब तक कुल ₹15.99 करोड़ की राशि का लाभ मिला है।
कारखाना के प्रबंध संचालक यू.के. कौशिक ने बताया कि पंडरिया विधायक भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों से यह भुगतान संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि विधायक बोहरा लगातार किसानों के हितों के लिए शासन-प्रशासन से संपर्क में रहीं और दीपावली के पहले किसानों को राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत थीं।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि—
“किसानों की मेहनत का उचित मूल्य मिलना हमारी प्राथमिकता है। हमारे अन्नदाताओं की दीपावली खुशियों से भरी हो, इसके लिए सरकार और संगठन दोनों ही प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि किसानों के कल्याण हेतु राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है।
दीपावली से पहले भुगतान की यह सौगात किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। वर्षों से लंबित भुगतान मिलने पर गन्ना उत्पादकों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता झलक रही है। किसान अब त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मना सकेंगे। ग्रामीण अंचलों में इसे “किसानों की दीपावली का तोहफा” कहा जा रहा है।



