सड़क के बीच बिजली पोल छोड़ बनाया रोड, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

पिपरिया-गांगपुर मार्ग निर्माण में लापरवाही; 5 करोड़ की लागत से बन रही सड़क पर भड़के ग्रामीण
कवर्धा। लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन सुविधा देने के उद्देश्य से बनाई जा रही सड़क अब खुद हादसों का कारण बनती नजर आ रही है। मामला कवर्धा जिले के पिपरिया से गांगपुर मार्ग का है, जहां निर्माणाधीन सड़क के बीचोंबीच बिजली के पोल छोड़ दिए गए हैं। करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से बन रही इस सड़क को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पोल नहीं हटाए गए तो यहां कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 4 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराना था, लेकिन निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभे वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। खासकर रात के समय यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो सकती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण शुरू होने से पहले बिजली विभाग और निर्माण एजेंसी के बीच कोई समन्वय नहीं किया गया। पोल हटाए बिना ही सड़क निर्माण कर दिया गया, जिससे पूरी सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर लगातार वाहनों की आवाजाही बढ़ रही है। ऐसे में बीच सड़क पर खड़े पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली पोल हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों ने सवाल उठाए हैं कि करोड़ों रुपए की लागत से बन रही सड़क के निर्माण के दौरान क्या विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण नहीं किया। वहीं निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग या संबंधित ठेकेदार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



