साइंस पाठशाला में ड्रोन, रोबोटिक्स और AI सीख रहे विद्यार्थी

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा के शासकीय और शिशु मंदिर स्कूलों के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और तकनीकी समझ विकसित करने के उद्देश्य से विधायक भावना बोहरा की पहल ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ की पहली कार्यशाला पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उड़ियाकला में आयोजित की गई। 5 से 9 सितंबर तक चली कार्यशाला में विद्यार्थियों को ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), 3D प्रिंटिंग और STEM जैसी तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में कक्षा 10वीं और 12वीं के करीब 150 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के आग्रह पर उन्हें भी प्रशिक्षण में शामिल किया गया, जिससे कार्यशाला में 200 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी दिए गए।
मोबाइल लैब से समझी आधुनिक तकनीक
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों के लिए मोबाइल लैब के माध्यम से बस टूर भी कराया गया। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी मॉडलों और प्रयोगों को करीब से देखा। टेबलटॉप प्रदर्शनी के साथ STEM और फिजिक्स किट का प्रदर्शन किया गया। इलेक्ट्रॉनिक और फिजिक्स किट के जरिए विद्यार्थियों को विज्ञान के सिद्धांतों को प्रयोगात्मक तरीके से समझाया गया। बच्चों ने खुद प्रयोग कर विज्ञान को व्यवहारिक रूप में सीखने का अनुभव लिया।
सालाना 5 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि ग्रामीण और शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, उन्हें अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साइंस पाठशाला के माध्यम से बच्चों को ड्रोन, रोबोटिक्स, AI, STEM और 3D प्रिंटिंग जैसी तकनीकों से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत पंडरिया विधानसभा के शासकीय एवं शिशु मंदिर स्कूलों के करीब 5 हजार विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब के जरिए अलग-अलग स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण दिया जाएगा।



