पंडरिया में ‘रन फॉर यूनिटी’: 500 से अधिक युवाओं ने लगाई दौड़, विधायक भावना बोहरा ने दिखाई हरी झंडी

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर मिनी मैराथन का आयोजन; महिला और पुरुष वर्ग के विजेताओं को किया सम्मानित
कवर्धा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर पंडरिया में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ मिनी मैराथन में युवाओं का उत्साह देखने को मिला। विधायक भावना बोहरा की ओर से आयोजित इस दौड़ में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
मिनी मैराथन को विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया महाविद्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान तक पहुंची। आयोजन में महिला और पुरुष वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को विधायक ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ केवल दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और राष्ट्रसेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़ने वाले युवा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जनप्रतिनिधि और नागरिक भी हुए शामिल
कार्यक्रम में नगर पालिका पंडरिया अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी, मंडल अध्यक्ष रविश ठाकुर, चंद्रकुमार सोनी, हरीश जैन, अंजू शर्मा सहित पार्षद, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।





