बोड़ला में पल्स पोलियो अभियान शुरू, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल ने बच्चों को पिलाई दो बूंद दवा

कवर्धा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष लव निर्मलकर और सांसद प्रतिनिधि नरेश चंद्रवंशी भी मौजूद रहे।
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत ने बताया कि अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पहले से ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में माइकिंग, बैनर, पोस्टर, दीवार लेखन तथा डिजिटल माध्यमों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया है।
उन्होंने बताया कि पहले दिन सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा देंगी, जबकि तीसरे दिन भी ऐसे बच्चों को चिन्हित कर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारत भले ही पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन कुछ पड़ोसी देशों में यह बीमारी अभी भी मौजूद है। ऐसे में बच्चों को हर बार पोलियो की खुराक पिलाकर देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभापति संदीप गुप्ता, गौतम गुप्ता, शिवा केशरवानी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनुपमा तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



