कवर्धा विशेष

पंडरिया विधानसभा को 121 करोड़ की सौगात, किसानों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा के किसानों को सिंचाई सुविधा के क्षेत्र में बड़ा तोहफ़ा मिला है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से बकेला जलाशय परियोजना और सुतियापाट नहर विस्तारीकरण कार्य के लिए 121 करोड़ 92 लाख 66 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इस स्वीकृति से हजारों किसानों के खेतों तक पानी पहुंचेगा और कृषि उत्पादन में नई ऊर्जा आएगी।

बकेला जलाशय परियोजना से 2686 हेक्टेयर में सिंचाई

इस स्वीकृति के अंतर्गत हाफ नदी व्यपवर्तन योजना का निर्माण, फिडर एवं रमतला जलाशय का शीर्ष कार्य, नहरों का रिमॉडलिंग, क्रांति व देवसरा जलाशय की नहरों का विस्तारीकरण और लाइनिंग कार्य शामिल हैं। इसके लिए 82 करोड़ 53 लाख 80 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के पूरा होने से 2686.13 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई के लिए जल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

सुतियापाट नहर विस्तारीकरण से 2916 हेक्टेयर में लाभ

इसी प्रकार सुतियापाट जलाशय मध्यम सिंचाई परियोजना की बायीं तट मुख्य नहर और माइनर नहरों के विस्तारीकरण कार्य के लिए 39 करोड़ 38 लाख 86 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे 26 गांवों के किसानों को 2916 हेक्टेयर खरीफ क्षेत्र में पर्याप्त जल आपूर्ति मिलेगी।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों का जताया आभार

इस बड़ी सौगात के लिए विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, तत्कालीन जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।

विधायक बोहरा का बयान

विधायक बोहरा ने कहा—
“आज पंडरिया विधानसभा के किसान भाइयों-बहनों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है। सुतियापाट नहर विस्तारीकरण से 26 गांवों में किसानों को 2916 हेक्टेयर से अधिक भूमि में सिंचाई सुविधा मिलेगी, वहीं बकेला जलाशय परियोजना से 2686 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को लाभ मिलेगा। यह कार्य किसानों के जीवन में नई ऊर्जा लाएंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि विगत डेढ़ वर्षों में पंडरिया विधानसभा के अंतर्गत 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य और अधोसंरचना निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसमें सड़क, नाली, पुल-पुलिया, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

भावना बोहरा ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में सबसे पहले किसानों के हित में निर्णय लिए गए।

  • दो वर्षों का बकाया धान बोनस किसानों को दिया गया।
  • 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।
  • 18 लाख गरीब परिवारों के पक्के आवास का सपना साकार करने का निर्णय लिया गया।
  • युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और भ्रष्टाचार से प्रभावित सीजी-पीएससी जैसी परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठाए गए।
  • 70 लाख माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत हर माह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास कार्यों को नई गति दी है। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और जनता को सुविधा उपलब्ध हो रही है।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading