कबीरधाम पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन : पिपरिया और सहसपुर लोहारा में धावा, सड़क और ढाबों पर शराब पीने-पिलाने वालों पर शिकंजा, 14 प्रकरण दर्ज

कवर्धा। जिले में शराबखोरी और हुड़दंग पर अब पुलिस का डंडा जोरदार पड़ रहा है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देश पर पिपरिया और सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में एक साथ अभियान चलाकर सड़क किनारे शराब पीने वालों और होटल-ढाबों में शराब पिलाने वालों को दबोचा गया।
पिपरिया : होटल-ढाबों पर दबिश

डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला की निगरानी और थाना प्रभारी अमित कश्यप के नेतृत्व में टीम ने होटल, लॉज और ढाबों की जांच की। कार्रवाई में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के 9 प्रकरण दर्ज हुए। साथ ही यातायात नियम तोड़ने वालों पर मौके पर चालान भी काटे गए।
सहसपुर लोहारा : ढाबों में कड़ी चेकिंग
इसी दौरान सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में एसडीओपी प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी लालमन साव की अगुवाई में पुलिस टीम उतरी। यहां होटल-ढाबों की सघन चेकिंग कर आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए और मोटर व्हीकल एक्ट में 20 चालान बनाए गए।

एसपी का सख्त संदेश
एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने साफ कहा—जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू है। होटल-ढाबा संचालक अगर अवैध रूप से शराब परोसेंगे तो कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी। वहीं सड़क पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान लगातार चलेंगे और नियम तोड़ने वालों के लिए दिन हो या रात, पुलिस की नजरों से बचना नामुमकिन होगा।



