कवर्धा विशेषछत्तीसगढ़ प्रादेशिक

कवर्धा में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस, सांसद संतोष पाण्डेय ने किया ध्वजारोहण

कवर्धा। कबीरधाम जिला मुख्यालय के आचार्यपंथ श्री गृंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह में सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री का संदेश जनता को पढ़कर सुनाया।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय सलामी दी गई। सांसद पाण्डेय ने आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर आजादी के उल्लास का इजहार किया। इस अवसर पर 17वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल पुरुष-महिला, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी और स्काउट-गाइड सहित कुल 11 परेड दलों ने मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। परेड का नेतृत्व आरआई महेश्वर सिंह और सेकेंड कमांडर त्रिलोक प्रधान ने किया।

शहीद परिवारों का सम्मान

समारोह में कबीरधाम जिले के तीन वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। सांसद पाण्डेय ने शहीद आरक्षक झल्लू प्रसाद नेवले के पुत्र जितेन्द्र नेवले, शहीद आरक्षक चंद्र सिंह मेरावी की पुत्री संगीता मेरावी और श्री नरेन्द्र शर्मा के भतीजे हिरेन्द्र शर्मा को शॉल, श्रीफल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में देशभक्ति की झलक

जिले के 6 शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति पर आधारित नृत्य, गीत और एरोबिक प्रस्तुत किए। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को प्रथम, पीएम श्री स्कूल कवर्धा को द्वितीय और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल करपात्री चौक को तृतीय स्थान मिला। अशोक पब्लिक स्कूल, होली क्रॉस, सरस्वती शिशु मंदिर, दिल्ली पब्लिक स्कूल और दिशा पब्लिक स्कूल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

परेड प्रतियोगिता के परिणाम

सशस्त्र प्लाटून वर्ग में 17वीं वाहिनी छग सशस्त्र बल प्रथम, जिला महिला बल द्वितीय और जिला पुलिस बल तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में एनसीसी पीजी कॉलेज बालिका विंग प्रथम, एनसीसी पीजी कॉलेज बालक सीनियर विंग द्वितीय और एनसीसी जूनियर बालक स्वामी करपात्री स्कूल तृतीय स्थान पर रहे।

90 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 90 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, वन, नगर सेना, आदिवासी विकास और समाज कल्याण विभाग सहित कई शाखाओं के कर्मचारी शामिल थे।

गणमान्य अतिथि रहे मौजूद

समारोह में पंडरिया विधायक भावना बोहरा, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी, एएसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading