कवर्धा में जुए के फड़ पर पुलिस की रेड, 4 जुआरी गिरफ्तार

कवर्धा। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करपात्री चौक स्थित एक मकान में संचालित जुए के फड़ पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 2 लाख 13 हजार रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि करपात्री चौक के पास स्थित प्रवीण वैष्णव के मकान में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। इसके बाद साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग फरार हो गए, जबकि चार आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सम्मी केशरवानी, आकाश शिवहरे, रोहित जांगड़े और रामचरण साहू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही जुआ संचालन में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर, कोतवाली प्रभारी योगेश कश्यप सहित साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही।



