
झिरौनी-कोसमंदा रोड पर पुलिस की दबिश; 62,500 रुपए का गांजा और मोबाइल जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
कवर्धा। गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को बाजार चारभाठा पुलिस ने ग्राम झिरौनी में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 220 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 62 हजार 500 रुपए बताई गई है। मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झिरौनी निवासी हनुमानदास बैरागी झिरौनी-कोशमंदा मार्ग पर स्थित ईंट भट्ठे के पास गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों और तौलकर्ता को साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर भागने लगा, घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस टीम को मौके पर देखकर संदिग्ध युवक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हनुमानदास बैरागी (31), निवासी ग्राम झिरौनी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास रखे कपड़े की दुकान के पीले रंग के थैले के अंदर दूसरे थैले में प्लास्टिक की झिल्ली में रखा गांजे का पैकेट मिला।

इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर गांजे का वजन 1.220 किलोग्राम निकला। पुलिस के अनुसार, आरोपी से मादक पदार्थ रखने और बेचने का वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद गांजा और मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया।
गांजे का स्रोत खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब गांजा कहां से लाया गया था और इसके अवैध कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं, इसकी जांच कर रही है।





