भोजली तालाब के पास सट्टा खिलाते तीन आरोपी गिरफ्तार, ₹2320 नकद और सट्टा पट्टियां जब्त

कवर्धा। शहर के भोजली तालाब के पास अवैध रूप से सट्टा संचालित कर रहे तीन आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2320 रुपए नकद, सट्टा पट्टियां और सट्टा लिखने में प्रयुक्त पेन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोजली तालाब के आसपास कुछ लोग सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध रूप से रुपए का लेन-देन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को रंगे हाथ सट्टा खिलाते हुए पकड़ लिया।
पुलिस ने ग्राम चिमरा निवासी नरेश पटेल (33) के कब्जे से 810 रुपए नकद, तीन सट्टा पट्टियां और एक पेन जब्त किया। वहीं ऊर्जा पार्क निवासी धनी (54) के पास से 780 रुपए नकद, तीन सट्टा पट्टियां और एक पेन बरामद किया गया। तीसरे आरोपी अटल आवास निवासी अंकित निर्मलकर (33) के कब्जे से 730 रुपए नकद, तीन सट्टा पट्टियां और एक पेन जब्त किया गया।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



