छोटे कारोबारियों के लिए आज लगेगा पीएम स्वनिधि लोन मेला

कवर्धा नगर पालिका में सुबह 11 से शाम 5 बजे तक शिविर, 15 हजार से 50 हजार रुपए तक ऋण की सुविधा
कवर्धा। शहर के पथ विक्रेताओं, रेहड़ी-ठेला संचालकों, फेरीवालों और अन्य स्ट्रीट वेंडर्स के लिए नगर पालिका परिषद कवर्धा में आज 17 सितंबर को पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोन मेला लगाया जा रहा है। शिविर नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
मेले में पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी देने के साथ ऋण आवेदन, दस्तावेजों की जांच, बैंक संबंधी मार्गदर्शन और ऋण प्रक्रिया में जरूरी सहयोग दिया जाएगा।
15 हजार से 50 हजार रुपए तक ऋण
पीएम स्वनिधि योजना के तहत छोटे कारोबारियों को चरणबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। संशोधित व्यवस्था के अनुसार प्रथम ऋण 15 हजार रुपए तक, द्वितीय ऋण 25 हजार रुपए तक और तृतीय ऋण 50 हजार रुपए तक लिया जा सकता है। पात्र हितग्राहियों के लिए बिना संपत्ति गिरवी रखे और बिना गारंटी के ऋण सुविधा का प्रावधान है।
समय पर भुगतान पर ब्याज सब्सिडी
योजना के तहत ऋण का समय पर भुगतान करने वाले हितग्राहियों को ब्याज सब्सिडी का लाभ दिया जाता है। इसके अलावा डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन का प्रावधान है। लोन मेले में यूपीआई, क्यूआर कोड और डिजिटल भुगतान के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।
UPI लिंक्ड क्रेडिट कार्ड की भी जानकारी
लोन मेले में UPI लिंक्ड क्रेडिट कार्ड सुविधा के संबंध में भी पात्र कारोबारियों को जानकारी दी जाएगी। इसके साथ वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान और बैंकिंग सुविधाओं से जुड़ने के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
लोन मेले में आने वाले पात्र हितग्राही आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, बैंक पासबुक या खाता विवरण, राशन कार्ड अथवा निवास प्रमाण और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लेकर पहुंचें। उपलब्ध होने पर रेहड़ी-ठेला या व्यवसाय से संबंधित प्रमाण और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी साथ लाने की अपील की गई है।
नगर पालिका ने की अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने की अपील
नगर पालिका परिषद कवर्धा ने शहर के पात्र पथ विक्रेताओं, रेहड़ी-ठेला संचालकों, फेरीवालों और स्ट्रीट वेंडर्स से आज आयोजित लोन मेले में पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है। मेले में आवेदन से लेकर बैंक प्रक्रिया तक की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।





