छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तरीय बेंच प्रेस प्रतियोगिता में पंडरिया के रूपम देवांगन ने जीता स्वर्ण पदक

कवर्धा। कबीरधाम जिले के पंडरिया निवासी युवा खिलाड़ी रूपम देवांगन ने छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय बेंच प्रेस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है। पूरे छत्तीसगढ़ से आए प्रतिभागी खिलाड़ियों के बीच रूपम ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में 95 किलोग्राम बेंच प्रेस उठाकर यह उपलब्धि हासिल की।

यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 14 दिसंबर, रविवार को बीआईटी कॉलेज, दुर्ग में आयोजित की गई थी, जिसका आयोजन छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा किया गया। कड़े मुकाबले और अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद रूपम देवांगन ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति से सफलता हासिल करने वाले रूपम ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों से भी बड़े सपने साकार किए जा सकते हैं। उनकी इस उपलब्धि के बाद पंडरिया सहित पूरे कवर्धा जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है। खासकर युवाओं और खेल प्रेमियों में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बी.एल. चांडवानी ने रूपम देवांगन को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह जीत न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पंडरिया क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
उल्लेखनीय है कि रूपम देवांगन का स्वयं का जिम पंडरिया में संचालित है, जहां वे अपनी नियमित ट्रेनिंग के साथ-साथ क्षेत्र के युवाओं को भी प्रशिक्षण देते हैं। उनकी सफलता अब स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, खेल संगठनों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने रूपम देवांगन को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।



