कवर्धा विशेषछत्तीसगढ़ प्रादेशिक

कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज की शिला स्थापना, स्वास्थ्य सुविधाओं के नए युग की शुरुआत

कवर्धा। कबीरधाम जिले को आज एक ऐतिहासिक सौगात मिली, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम घोठिया स्थित नए शासकीय मेडिकल कॉलेज भवन की शिला-स्थापना की। 40 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस मेडिकल कॉलेज के लिए शासन ने 306 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी है। शिला स्थापना समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने इसे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ स्थानीय स्तर पर ही सुलभ होंगी। उन्होंने बताया कि राज्य में बीते दो वर्षों में पाँच नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने कवर्धा में श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव रिवर फ्रंट के निर्माण और रवेली में महाविद्यालय खोलने की घोषणा भी की।

समारोह में मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों को 7 करोड़ 78 लाख रुपये की राशि का चेक वितरण किया। लखपति दीदी योजना के तहत 1,454 समूहों को 7 करोड़ 63 लाख रुपये तथा अन्य 97 समूहों को 14 लाख 55 हजार रुपये वितरित किए गए।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस दिन को कवर्धा के इतिहास का “स्वर्णिम क्षण” बताया। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के तेजी से विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि जिला अस्पताल की क्षमता 100 से बढ़ाकर 220 बिस्तर की गई है, 50 क्रिटिकल केयर बेड स्थापित किए गए, 4.5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन सेवा शुरू की गई और पिपरिया-बोड़ला में सोनोग्राफी मशीनें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की पढ़ाई शुरू करने के लिए 50 सीटों की तैयारी पूरी है।

कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय, विधायक भावना बोहरा सहित जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जिले में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी और स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा व्यापक होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading