महाशिवरात्रि पर कवर्धा में आस्था का महासंगम, शिव-गौरी विवाह और भव्य शोभायात्रा का आयोजन

पंचमुखी महाकाल विराजेंगे भव्य झांकी में, भक्तों संग देवी-देवता और भूत-प्रेत भी होंगे बाराती
कवर्धा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बाबा श्री महाकाल भक्त मंडल द्वारा भगवान महाकाल की भव्य बारात निकाली जाएगी एवं शिव-गौरी विवाह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन समिति के सदस्य विकास केशरी ने बताया कि कवर्धा की धर्मप्रिय जनता, देवी-देवताओं की झांकियां एवं भूत-प्रेतों के प्रतीकात्मक स्वरूपों के साथ बाजे-गाजे के बीच भगवान भोलेनाथ की बारात निकलेगी। इस वर्ष भी पूरे आस्था और उत्साह के साथ महाशिवरात्रि मनाई जाएगी।
महाभिषेक के साथ होगी शुरुआत
महाशिवरात्रि पर कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे स्थानीय बूढ़ामहादेव मंदिर में महाभिषेक से होगी। इसके बाद महाकाल की बारात निकलेगी, जो शहर भ्रमण के बाद मां महामाया मंदिर पहुंचेगी, जहां शिव-गौरी विवाह का आयोजन किया जाएगा।
शोभायात्रा के रूप में निकलेगी महाकाल की बारात
महाकाल की बारात शोभायात्रा के रूप में शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महामाया मंदिर पहुंचेगी। यहां हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में शिव-गौरी विवाह का भव्य आयोजन होगा।
पंचमुखी महाकाल की विशेष प्रतिमा
विकास केशरी ने बताया कि इस वर्ष आयोजन के पांच वर्ष पूरे हो रहे हैं, इसलिए पंचमुखी महाकाल की विशेष प्रतिमा बनाई जा रही है। इसमें चार मुख पिछले चार वर्षों की प्रतिमाओं के समरूप होंगे, जबकि पांचवां मुख दूल्हा बने महाकाल को समर्पित होगा।
10 फीट के नंदी पर विराजमान होंगे पंचमुखी महाकाल
हर वर्ष की तरह इस बार भी अनोखी झांकी प्रस्तुत की जाएगी। विशेष रूप से हरियाणा के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सिरसा की भूत-प्रेत बारात झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा। इस झांकी में पंचमुखी महाकाल 10 फीट ऊंचे नंदी पर विराजमान होंगे।
बाहुबली हनुमान भी होंगे शामिल
महाकाल की बारात में विशेष रूप से हनुमान जी की झांकी आकर्षण का केंद्र होगी, जिसमें बाहुबली हनुमान बाराती के रूप में भक्तों के साथ शामिल होंगे।
भव्य भस्म आरती का आयोजन
मां महामाया मंदिर परिसर स्थित भारत माता प्रतिमा के सामने भगवान शिव और माता गौरी के विवाह के उपरांत भव्य भस्म आरती का आयोजन किया जाएगा।
51 किलो के लड्डू से होगा महाकाल का महाभोग
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस वर्ष 51 किलो लड्डू से भगवान महाकाल का महाभोग लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त समिति सदस्यों द्वारा प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने की व्यापक तैयारियां
विकास केशरी ने बताया कि बाबा श्री महाकाल भक्त मंडल इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए पूरी तैयारी कर रहा है। आयोजन समिति के सुधीर केशरवानी, आकाश यदु, नीरज चंद्रवंशी, निमेश चंद्रवंशी, निक्कू आमदे, अंकित देवांगन, केतुल नाग, अभिषेक आमदे, राजा झरिया, यकीन ठाकुर, रूपेश चंद्रवंशी, लेखा चंद्रवंशी, अंकित, करण धर्मी, रितेश यदु, अविनाश गुप्ता, अमित धुर्वे, शुभम शर्मा, प्रशांत मिश्रा, लोकेंद्र ठाकुर, रूपेश श्रीवास, मनीष चंद्रवंशी, सौरभ नामदेव, वेदांत शर्मा, निखिल यदु, विवेक जायसवाल, बृजेश चंद्रवंशी, अमन बर्वे, गौरांश पाल, अतुल पांडेय, स्वप्निल चंद्रवंशी, अनुराग साहू समेत अन्य सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।