81 टोलियों के साथ कवर्धा में मचेगा गोविंदा उत्सव का धमाल

दही लूट-मटकी फोड़ से लेकर राऊत नाचा और अखाड़ा तक; 31 गोपी मटकियां और नई झांकी रहेगी आकर्षण
कवर्धा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दूसरे दिन कवर्धा में गोविंदा उत्सव का भव्य आयोजन होगा। सर्व यादव समाज की ओर से होने वाले इस पारंपरिक आयोजन में इस बार 81 यादव टोलियां शामिल होंगी। शहर में निकलने वाली रैली में 31 गोपी मटकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दही लूट और मटकी फोड़ के साथ राऊत नाचा, अखाड़ा प्रदर्शन और तालाब में तैयार की जाने वाली नई झांकी लोगों का ध्यान खींचेगी।
आयोजन को लेकर सर्व यादव समाज के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। श्री राधाकृष्ण बड़े मंदिर में प्रतिदिन रात बैठक कर रैली, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
20 फीट से ऊंची नहीं होगी मटकी
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार भी 20 फीट से अधिक ऊंचाई पर मटकी नहीं रखी जाएगी। कवर्धा के अलावा पंडरिया, बोड़ला, सहसपुर लोहारा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोग उत्सव में शामिल होंगे।
जन्माष्टमी पर महिलाओं की प्रतियोगिताएं
जन्माष्टमी के दिन महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद श्री राधाकृष्ण बड़े मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति की स्थापना की जाएगी। शाम को डीजे की धुन पर शहर में भव्य रैली निकलेगी, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंचेगी।
राऊत नाचा और अखाड़ा दिखाएंगे पारंपरिक रंग
गोविंदा उत्सव में यादव समाज की पारंपरिक संस्कृति और कला की झलक भी देखने मिलेगी। राऊत नाचा और अखाड़ा प्रदर्शन के साथ तालाब में तैयार की जा रही नई झांकी विशेष आकर्षण रहेगी। समाज ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर उत्सव का आनंद लेने की अपील की है।



