कवर्धा विशेष

दही हांडी में दिखा युवाओं का जोश, पेंड्रीकला की टोली बनी विजेता

कुंडा में जन्माष्टमी महोत्सव में 10 टोलियों ने लिया हिस्सा; प्रथम को ₹25 हजार, द्वितीय को ₹15 हजार और तृतीय को ₹11 हजार व ट्रॉफी से किया सम्मानित

कवर्धा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कुंडा में धर्म, संस्कृति और उत्साह का संगम देखने को मिला। भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा के तत्वावधान में बस स्टैंड के पास श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुंडा और पांडातराई मंडल की 10 टोलियों ने हिस्सा लिया, जिन्हें देखने और उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

पेंड्रीकला की टोली ने मारी बाजी

दही हांडी प्रतियोगिता में ग्राम पेंड्रीकला की टोली ने प्रथम स्थान हासिल किया। कुंडा की दो टोलियों ने क्रमश: द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने प्रतिभागी युवाओं के साहस, सामूहिक प्रयास और टीम भावना की सराहना करते हुए प्रथम विजेता को ₹25 हजार व ट्रॉफी, द्वितीय को ₹15 हजार व ट्रॉफी और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टोली को ₹11 हजार व ट्रॉफी प्रदान की।

तीन स्थानों पर हो रहा आयोजन

आयोजकों के अनुसार पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में इस वर्ष तीन स्थानों पर जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। 3 सितंबर को कुंडा एवं पांडातराई मंडल के बाद 5 सितंबर को बजरंग चौक, दशरंगपुर में इंदौरी और रणवीरपुर मंडल तथा पंडरिया, दुल्लापुर और कुई-कुकदूर मंडल की टोलियां भी आयोजन में शामिल होंगी।

युवाओं को संस्कृति से जोड़ने पर जोर

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि दही हांडी जैसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ आपसी भाईचारा, सहयोग और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिलती है और सामूहिकता व अनुशासन की भावना मजबूत होती है।

आयोजन में भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading