सार्वजनिक स्थल पर मारपीट का मामला: कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। थाना कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय के पास हुई मारपीट की घटना पर कबीरधाम पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। सार्वजनिक स्थल पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।
घटना 30 दिसंबर 2025 की है, जब बस स्टैंड क्षेत्र में चाय-नाश्ता दुकान के सामने कुछ युवकों ने लाठी, डंडा और लकड़ी से पीड़ितों के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों द्वारा मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 542/2025 धारा 119, 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कवर्धा, थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधि विरुद्ध संघर्षरत नाबालिग सहित कुल तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में—
- यशवंत मरावी पिता स्व. कुलूम मरावी, उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 27, रेवाबंद, तलाब के पास, कवर्धा
- शिवकुमार मरावी पिता स्व. कुलूम मरावी, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 27, रेवाबंद, तलाब के पास, कवर्धा
शामिल हैं। दोनों वयस्क आरोपियों को 31 दिसंबर 2025 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के तहत किशोर न्याय बोर्ड के आदेशानुसार पर्यवेक्षण एवं संरक्षण में रखा गया है। अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना कवर्धा, कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।



