कवर्धा विशेष

मलकछरा-गुढ़ा के बीच 1.97 करोड़ से बनेगा पुल: विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में मलकछरा से गुढ़ा के बीच बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। करीब 1 करोड़ 97 लाख 45 हजार रुपए की लागत से बनने वाले 45 मीटर लंबे इस पुल का भूमिपूजन विधायक भावना बोहरा ने किया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इस पुल की मांग की जा रही थी।

पुल निर्माण के बाद मलकछरा, गुढ़ा समेत आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर बारिश के दिनों में आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी और बारहमासी सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों तक पहुंच भी आसान होगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। बरसात के समय ग्रामीणों को आने-जाने में गंभीर परेशानी होती थी, जिसे अब दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे रही है और हर गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि सड़क, पुल, भवन, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम हो रहे हैं। पंडरिया विधानसभा में अधोसंरचना विकास के कई बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।

विधायक ने पीएम जनमन योजना सहित अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में सड़कों का विस्तार, आवास निर्माण, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाओं में तेजी से काम हुआ है। इससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आया है।

इस दौरान वे भाजपा के स्थापना दिवस पर आयोजित “गांव चलो-घर चलो अभियान” में भी शामिल हुईं और ग्राम दुल्लापुर में जनसंपर्क कर लोगों से संवाद किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और हितग्राहियों से मुलाकात की।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, जिला व जनपद सदस्य, महिला मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading