हरमो स्थित शिव मंदिर तोड़फोड़ मामले में बड़ा खुलासा : आरोपी गिरफ्तार, संलिप्त आरक्षक बर्खास्त

कवर्धा। कबीरधाम जिले के भोरामदेव थाना क्षेत्र के ग्राम हरमो में शिव मंदिर तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर एक पुलिस आरक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
भोरामदेव थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गौतरिहा यादव पिता डेरहाराम यादव (69 वर्ष), निवासी ग्राम राला, थाना बिरसा जिला बालाघाट, हाल निवासी हरमो है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
इधर, विभागीय जांच में संलिप्त पाए जाने पर आरक्षक क्रमांक 703 राजू वैष्णव को भारतीय संविधान की धारा 311(2)(ख) के तहत तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।
📌 क्या था मामला
बीते 7 अगस्त को हरमो गांव के सारंगढ़ शिव मंदिर में अज्ञात आरोपी ने शिवलिंग और अन्य प्रतिमाओं को खंडित कर दिया था। शिवलिंग को मंदिर के पास बने कुंड में फेंक दिया गया था, वहीं शेषनाग की प्रतिमा मंदिर से दूर एक पेड़ के नीचे मिली थी।
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था। स्थिति को काबू में रखने के लिए पुलिस को भारी बल तैनात करना पड़ा था।
कांग्रेस ने किया था कवर्धा बंद का आव्हान
इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया था। कांग्रेस ने मंगलवार को कवर्धा बंद का आव्हान किया था। हालांकि बंद से पहले ही पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और आरक्षक की बर्खास्तगी कर बड़ा खुलासा कर दिया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कांग्रेस से बंद का आव्हान वापस लेने की अपील की है।



