
कवर्धा। दलदली के साप्ताहिक बाजार से सोना-चांदी के जेवरात की खरीदी-बिक्री कर लौट रहे सराफा कारोबारी को बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया। मोटरसाइकिल से पीछा कर रहे आरोपियों ने मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास रास्ता रोककर कारोबारी और उसके साथी के साथ डंडों से मारपीट की और जेवरात व नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना 27 अक्टूबर की है। पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 11 किलो 900 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
पांडातराई निवासी कारोबारी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। शुरुआती शिकायत में बैग में 15 किलो से अधिक चांदी के आभूषण, 10 से 15 ग्राम सोने के जेवर और 1.50 लाख रुपए नकद होने की जानकारी दी गई थी। घटना के बाद तरेगांव जंगल थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले, 24 गांवों में पूछताछ
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। इसके साथ ही आसपास के 24 गांवों में 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

पुलिस ने ग्राम बिरकोना के पास निखिल कुर्रे को पकड़ा। इसके बाद संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से करीब 11.9 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए गए। इसके अलावा बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और 1500 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं।
बाजार में कारोबारी की गतिविधियों पर रखी थी नजर
पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपी वारदात से पहले पंडरिया की देशी शराब दुकान के सामने मिले थे। इसके बाद दो मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र पहुंचे और बाजार में कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखी। कारोबारी के निकलते ही उसका पीछा किया और घाटी के पास रास्ता रोककर मारपीट के बाद बैग लूट लिया।
वारदात के बाद आरोपी लूटे गए जेवरात लेकर मुंगेली पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, वहां जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग जगह छिपा दिए गए थे। गिरफ्तार निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस बरामदगी और फरार आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।





