
दो आरोपी पहले पकड़े जा चुके, पूछताछ में सामने आया था अमन निषाद का नाम
कवर्धा। सहसपुर लोहारा में किराना दुकान का ताला तोड़कर नकदी और सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी अमन निषाद उर्फ गदालू निषाद (18) को गिरफ्तार किया है। मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी गई दुकान की सामग्री भी बरामद की जा चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
चोरी की घटना 26 अगस्त की रात से 27 अगस्त की सुबह के बीच हुई थी। सहसपुर लोहारा के वार्ड क्रमांक 9 निवासी हमीद खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति दुकान का ताला तोड़कर 10 हजार रुपए नकद और अन्य सामग्री ले गया। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई थी।
दूसरे चोरी के मामले की जांच में मिला सुराग
पुलिस के मुताबिक, बोड़ला थाना क्षेत्र की पोड़ी चौकी में दर्ज चोरी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार रवि सारथी से पूछताछ के दौरान सहसपुर लोहारा की दुकान में चोरी का मामला सामने आया। पुलिस का कहना है कि चोरी की नकदी और सामग्री कवर्धा के कुछ लोगों को बेचने की जानकारी मिली थी। इसके बाद राजूदास कांटले के पास से चोरी गई सामग्री जब्त की गई।

इस मामले में पुलिस पहले रवि सारथी (20), निवासी नवीन बाजार, कवर्धा और रिंकू साहू (18), निवासी नया बस स्टैंड, जुनवानी रोड, कवर्धा को गिरफ्तार कर चुकी है। अमन निषाद घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने तलाश के बाद उसे 27 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
पुलिस ने अमन निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4), 3(5), 317(2) और 317(5) के तहत कार्रवाई की है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना जारी है।





