
कवर्धा। लिव-इन पार्टनर को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने अमीना ताज (36) निवासी सैगोना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
मामला 29 जुलाई 2026 का है। पुलिस के अनुसार, सुमुख दुबे ने सूचना दी थी कि उसके भाई आलोक दुबे ने फांसी लगा ली है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। इसके बाद मर्ग जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, वैज्ञानिक अधिकारी की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों व गवाहों के बयान लिए गए। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन और लैपटॉप तथा आरोपी महिला के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आलोक दुबे करीब चार वर्षों से अमीना ताज के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहा था। आरोप है कि अमीना उस पर मुस्लिम धर्म स्वीकार कर मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी नहीं करने पर बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, इसी दबाव और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर आलोक दुबे ने 29 जुलाई को दोपहर करीब 12 से 12.30 बजे के बीच आरोपी के किराए के मकान के बैठक कक्ष के वेंटिलेशन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 23 सितंबर को अपराध क्रमांक 413/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद 24 सितंबर को आरोपी अमीना ताज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में विवेचना अधिकारी और सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने की। पुलिस के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।





