54 करोड़ से कवर्धा में बनेगी 4 लेन सड़क, दोनों प्रवेश मार्गों पर बनेंगे भव्य गेट

कवर्धा। कवर्धा शहर में प्रवेश करते ही अब शहर का नया स्वरूप नजर आएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चंद्रयान हॉस्पिटल से जोराताल के आगे तक करीब 7.8 किलोमीटर सड़क को 54 करोड़ रुपए की लागत से 4 लेन में विकसित किया जाएगा। सड़क के बीच डिवाइडर बनाया जाएगा। वहीं रायपुर और बिलासपुर की ओर शहर के दोनों प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। इन गेट के डिजाइन में कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को जगह दी जाएगी।
गुरुवार को नया मंडी परिसर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। परियोजना के तहत शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरने वाली सड़क का विस्तार और उन्नयन किया जाएगा। दोनों प्रवेश द्वार शहर की पहचान के साथ विकास कार्यों के प्रतीक के रूप में विकसित किए जाएंगे।
8 करोड़ के नए विकास कार्यों की घोषणा
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कवर्धा सहित जिले के नगरीय क्षेत्रों के लिए करीब 8 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। कवर्धा नगर पालिका में सामुदायिक भवन और मटन मार्केट के लिए 3.50 करोड़ रुपए, नगर पंचायत बोड़ला में बाजार विस्थापन के लिए 1.50 करोड़ रुपए, सहसपुर लोहारा के बाधांटोला में गौरव पथ के लिए 1.50 करोड़ रुपए और पिपरिया के खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़ रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की गई। इसके अलावा विभिन्न सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी घोषणा हुई।
साव बोले- गांव से शहर तक बढ़ी विकास की गति
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उनके अनुसार पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग में 12,666 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं है और जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च किया जा रहा है।

140 करोड़ के कामों की स्वीकृति
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में करीब 140 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सड़क, शिक्षा, शहर के विकास और धार्मिक-पर्यटन से जुड़े काम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 4 लेन सड़क रायपुर और बिलासपुर मार्ग की ओर करीब 3-3 किलोमीटर तक सड़क का विकास किया जाएगा।
शहर में करीब 4.5 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है। यहां 24 घंटे पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा प्रस्तावित है। नए बस स्टैंड को शुरू करने के लिए घोटिया रोड का निर्माण 10 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। भोरमदेव परिसर, तालाब परिसर, उद्यान, मेला स्थल, छेरकी महल, रामचुआ और सरोधा क्षेत्र में भी विकास कार्य किए जा रहे हैं।
सांसद बोले- प्रवेश द्वार बनेंगे शहर की पहचान
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा में बनने वाले दोनों प्रवेश द्वार शहर की पहचान को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि 54 करोड़ रुपए की 4 लेन सड़क से शहर में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और शहर का स्वरूप बदलेगा। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।





